Indore: शहर के एमआईजी थाना क्षेत्र में चार लड़कियों ने एक युवती के साथ बीच सड़क पर जमकर मारपीट की। उसकी लात-घूंसों के साथ बेल्ट से भी पिटाई की। इस दौरान सड़क पर भीड़ जमा हो गई। लोग युवती को बचाने के बजाए तमाशबीन बने रहे और वीडियो बनाते रहे। पीड़ित युवती ने इस मामले में एमआईजी थाने में शिकायत की है। सोमवार को इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस वीडियो के जरिए मारपीट करने वाली लड़कियों की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार देर रात की है, लेकिन सोशल मीडिया पर अब इसका वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि चार युवतियां एक लड़की को जमकर पीट रही हैं। एमआईजी थाना पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात नेहरू नगर निवासी प्रिया वर्मा यहां चाय पीने आई थी। यहां चारों लड़कियों पहले से खड़ी थी। यहां घूरने की बात पर चारों लड़कियों ने प्रिया से पहले विवाद किया, फिर मारपीट शुरू कर दी। चारों लड़कियों ने प्रिया वर्मा को बाल पकड़कर सड़क पर पटक दिया। उसे लात-घूंसों से जमकर पीटा और बाल पकड़कर घसीटा भी। चारों में से एक लड़की ने बेल्ट से भी प्रिया की जमकर पिटाई कर दी।
बताया गया है कि सड़क से गुजर रहे राहगीर भी इस दौरान रुक गए और मारपीट का वीडियो बनाने लगे, लेकिन किसी ने भी युवती का बचाव नहीं किया। मारपीट के बाद लड़कियां वहां से भाग गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों लड़कियों के खिलाफ मारपीट के मामले में केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि आरोपित लड़कियां महू और आसपास के क्षेत्रों की रहने वाली हैं।