Deoghar to Bengaluru Direct Flight: देवघर व आसपास के लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब देवघर से बेंगलुरु के लिए फ्लाइट का इंतजार खत्म हो गया है। एक जून से अब देवघर से बेंगलुरु के लिए सीधी फ्लाइट उड़ान भरेगी। इसके लिए सभी जरूरी क्लियरेंस मिल गए हैं।
देवघर एयरपोर्ट से बेंगलुरु के लिए इंडिगो की पहली उड़ान 1 जून को रवाना होगी। एक जून को पहली कॉमर्शियल फ्लाइट दिन के 12:40 बजे पर देवघर एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। देवघर एयरपोर्ट से दिल्ली के बाद यह दूसरी कॉमर्शियल सर्विस हो जाएगी।
देवघर से बेंगलुरु के लिए फ्लाइट शुरू होने से अब यहां से दक्षिण भारत और विदेश जाने वाले यात्रियों और खासकर वहां नौकरी कर रहे युवाओं व छात्रों के लिए काफी सुविधा होगी।
इंडिगो के सूत्रों की मानें तो देवघर से बेंगलुरु का किराया साढ़े छह हजार के करीब होगा। एयर बस 186 सीट की होगी। सप्ताह में यह तीन दिन चलेगी। यह विमान सेवा मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को होगी।
जानकारी हो कि देवघर एयरपोर्ट से दिल्ली, कोलकाता की हर दिन सीधी फ्लाइट है। दूसरी तरफ रांची और पटना के लिए हर एक दिन के अंतराल पर एटीआर का परिचालन हो रहा है।
बता दें कि बेंगलुरु की फ्लाइट शुरू कराने के लिए गोड्डा लोकसभा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे लगातार प्रयास कर रहे थे। डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा कि अब बेंगलुरु की फ्लाइट देवघर से हो जाने से दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालुओं को बाबाधाम आने में परेशानी नहीं होगी। वहीं, युवा वर्ग को ज्यादा फायदा होगा। जो वहां पढ़ाई कर रहे या नौकरी कर रहे उन्हें आने जाने में सहूलियत मिलेगी।