देवघर।
साइबर ठगी के साथ-साथ अब अश्लील भाषा का भी इस्तेमाल करने लगे हैं साइबर अपराधी। ऐसा ही एक वाक्या हिमाचल प्रदेश में कार्यरत महिला आई०पी०एस० अधिकारी के साथ घटा है।
साइबर अपराधियों की हिमाकत देखिये कि जब इस महिला आईपीएस अधिकारी ने उनकी बातों का सीधा जवाब नहीं दिया तो साइबर अपराधी अश्लील भाषा का इस्तेमाल करने लगे। इतना ही नहीं जब उक्त महिला अधिकारी ने फोन पिक करना बंद कर दिया तो साइबर अपराधी उन्हें अश्लील मैसेज भेजने लगे। आरोपी साइबर अपराधी को देवघर साइबर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, पुलिस अधीक्षक देवघर अश्विनी कुमार सिन्हा को हिमाचल प्रदेश में कार्यरत महिला आई०पी०एस० अधिकारी ने सूचित किया कि उन्हें अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर अपने आप को पंजाब नेशनल बैंक का अधिकारी बताते हुए उनका ATM Card बंद होने के बारे में बताया था और ATM Card नंबर व Validity के बारे में पूछा। जब महिला आई०पी०एस० अधिकारी ने ATM Card no./Validity की गलत जानकारी दी, तब फोन करने वाले ने गुस्से में अश्लील शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली देना शुरू कर दिया। वो अश्लील शब्दों का प्रयोग कर बार बार फोन करके महिला अधिकारी को परेशान करने लगा, तब उन्होंने कॉल उठाना बंद कर दिया। फिर भी फोन नहीं उठाने पर अज्ञात व्यक्ति ने Message के माध्यम से अश्लील शब्द एवं गाली का प्रयोग कर अपमानित करता रहा।
जिसकी सूचना महिला आई०पी०एस० अधिकारी ने Online FIR System (JOFS) के माध्यम से देवघर पुलिस को दी। जिसके आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पु०नि० संगीता कुमारी, साइबर थाना देवघर के नेतृत्व में साइबर थाना की टीम के द्वारा पूरे मामले की तकनीकी जाँच की गयी। त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहनपुर थाना क्षेत्र से अभियुक्त मुकुल मिर्धा उम्र करीब 21 वर्ष को गिरफ्तार किया गया।
जिसके पास से साइबर अपराध में प्रयुक्त किया गया एक मोबाइल, सिम और दो ATM Card बरामद किया गया है।